मुजफ्फरनगर, 26 सितंबर 2026। इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी द्वारा ताराचन्द वैदिक पुत्री डिग्री कॉलेज, थाना नई मण्डी क्षेत्र में साइबर क्राइम जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं कॉलेज स्टाफ ने पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ तथा थाना प्रभारी साइबर क्राइम कर्मवीर सिंह का सम्मान किया।

साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की दी जानकारी
गोष्ठी के दौरान इन्दु सिद्धार्थ ने कॉलेज स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रकार, ठगी के तरीकों तथा उनसे बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल, व्हाट्सऐप संदेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को निशाना बनाने का प्रयास करते हैं।
बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी, ऑनलाइन निवेश का झांसा, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया से संबंधित धोखाधड़ी जैसे तरीकों से भी सावधान रहने को कहा गया।
गोपनीय जानकारी साझा न करने की अपील
पुलिस अधीक्षक अपराध ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन मिलने वाले लालचपूर्ण ऑफर एवं निवेश संबंधी संदेशों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।
साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
इन्दु सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाने की साइबर हेल्प डेस्क अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की गई धनराशि को रोकने अथवा वापस कराने के प्रयास शीघ्र शुरू किए जा सकते हैं।
थाना प्रभारी साइबर क्राइम कर्मवीर सिंह ने भी साइबर अपराधों से बचाव की सावधानियां बताईं। उन्होंने फ्रॉड की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज कराने और पुलिस को सूचना देने का महत्व समझाया।
परिवार और आसपास के लोगों को भी करें जागरूक
पुलिस अधीक्षक अपराध ने छात्र-छात्राओं से स्वयं सतर्क रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ, छात्र-छात्राएं, इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संबंधित खबर: श्रीमद् भागवत कथा में साइबर ठगी से बचाव का संदेश।
स्रोत एवं तस्वीरें: मीडिया सेल, मुजफ्फरनगर पुलिस।

