मुजफ्फरनगर: त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के पुरबालियान गांव के जंगल में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 1080 किलो अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। बरामद पटाखों की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरबालियान के जंगल में चोरी-छिपे पटाखों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मंसूरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से राहुल कुमार और उत्कर्ष त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया।

फैक्ट्री में तैयार हो रहे थे पटाखे
मौके की तलाशी में पुलिस को बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे मिले। बरामदगी में 90 पेटियों में करीब 1080 किलो माचिस पटाखे शामिल हैं। इसके अलावा करीब 50 किलो गंधक, 25 किलो बारूद और 125 किलो पिसा हुआ कोयला भी मिला है।
पटाखों की पैकिंग और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इनमें पैकिंग मशीन, बारूद छानने के उपकरण, प्लास्टिक की छलनियां, बड़ी संख्या में पैकिंग डिब्बियां और पैकेट सहित इलेक्ट्रॉनिक कांटा शामिल है।
लाखों की सामग्री बरामद, जांच शुरू
पुलिस के मुताबिक, अवैध फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पटाखे तैयार कर उन्हें पैक किया जा रहा था। बरामद सामग्री की कुल कीमत लाखों रुपये बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार को कब से संचालित किया जा रहा था और तैयार पटाखों की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी।
गिरफ्तार राहुल कुमार शाहपुर क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि उत्कर्ष त्यागी मंसूरपुर थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव का निवासी है।
दोनों के खिलाफ मंसूरपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई थाना मंसूरपुर पुलिस ने थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में की। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखे बनाने और भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

