मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पुलिस विभाग में किए गए तबादलों के क्रम में थाना खालापार में तैनात कई पुलिसकर्मियों का अन्य थानों में स्थानांतरण किया गया है। स्थानांतरित होने वाले पुलिसकर्मियों में हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हैं।
तबादला आदेश जारी होने के बाद थाना खालापार परिसर में स्थानांतरित होकर जाने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी विजय कुमार समेत थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने अपने साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।

फूल-मालाएं पहनाकर किया सम्मान
विदाई समारोह के दौरान स्थानांतरित हुए हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल और सेवाओं को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और साथी पुलिसकर्मियों ने स्थानांतरित होने वाले पुलिसकर्मियों को नए तैनाती स्थल पर भी पूरी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया।
समारोह का माहौल कुछ समय के लिए भावुक भी हो गया। लंबे समय तक साथ ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे से विदाई ली और नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिसकर्मियों ने भी थाना खालापार में अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए थाना प्रभारी एवं साथी कर्मचारियों का आभार जताया।
स्थानांतरण के बाद सभी पुलिसकर्मी अब अपनी नई तैनाती वाले थानों में जिम्मेदारी संभालेंगे।
यह भी पढ़ें: एसडी मैनेजमेंट कॉलेज में पुलिस का साइबर जागरूकता कार्यक्रम।

